उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

छात्रा की मौत के मामले में शिक्षक समेत दो के खिलाफ मुकदमा, पुलिस जांच में जुटी

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस/हरदोई: पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम सहुआपुर निवासी 13 वर्षीय छात्रा क्षमा दीक्षित की इलाज के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने उसके पिता की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि स्कूल में दूसरी छात्रा से विवाद के बाद शिक्षक ने भी क्षमा के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को क्षमा दीक्षित पुत्री उमेश दीक्षित गांव स्थित संवेलियन प्राइमरी स्कूल में पेपर देने गई थी। वहां उसके साथ पढ़ने वाली एक छात्रा से उसका विवाद हो गया। क्षमा ने इसकी जानकारी अपने अध्यापक को दी। आरोप है कि अध्यापक ने क्षमा के साथ ही मारपीट की।

https://www.instagram.com/reel/DcvHkmOMTBU

घटना के संबंध में 23 अगस्त को क्षमा अपने पिता के साथ थाना पचदेवरा पहुंची और प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बाद 24 अगस्त को परिजन उसे इलाज के लिए फर्रुखाबाद जनपद के अस्पताल ले गए। पुलिस के मुताबिक, इलाज के दौरान 30 अगस्त को क्षमा की मृत्यु हो गई। मृतका के पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई फर्रुखाबाद जनपद में कराई गई।

मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि दूसरी छात्रा के साथ-साथ स्कूल के अध्यापक ने भी क्षमा के साथ मारपीट की थी और इसी घटना के कारण उसकी मृत्यु हुई। पिता की तहरीर के आधार पर थाना पचदेवरा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की जा रही है तथा अन्य आवश्यक कार्रवाई प्रचलित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button