जिला अस्पताल से चोरी दो बाइकें बरामद, आरोपी गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई शहर कोतवाली पुलिस ने जिला अस्पताल (मेडिकल कॉलेज परिसर) से चोरी हुई दो मोटरसाइकिलों के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पिहानी थाना क्षेत्र के अभिमता निवासी श्रीपाल 15 सितंबर को दवा लेने जिला अस्पताल आए थे। इसी दौरान अस्पताल परिसर से उनकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई। तहरीर के आधार पर शहर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
इसी दिन पिहानी थाना क्षेत्र के बाउमी निवासी अरुण गुप्ता की मोटरसाइकिल भी जिला अस्पताल परिसर से चोरी हो गई। उनकी शिकायत पर भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों समेत अन्य माध्यमों से जांच-पड़ताल की। जांच के दौरान पुलिस ने आशीष उर्फ मोनू पुत्र सुंदरलाल निवासी ग्राम काशीपुर, कोतवाली शहर, हरदोई को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। शहर कोतवाली पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कोतवाली में पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इंस्पेक्टर संजय त्यागी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।






