जिला पंचायत की बैठक में पौधरोपण कार्ययोजना को अनुमोदन
बैठक में अनुपस्थित अफसरों से स्पष्टीकरण तलब

जन एक्सप्रेस/संवाददाता
बहराइच। पौधरोपण अभियान वर्ष 2023-24 में 22 जुलाई व 15 अगस्त को जिला पंचायत की सड़कों के दोनों ओर तथा जिला पंचायत की परिसम्पत्तियों में उपलब्ध भूमि पर अधिक से अधिक पौधरोपण हेतु तैयार कार्ययोजना के अनुमोदन हेतु विकास भवन सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। जिसमें विधायक महसी सुरेश्वर सिंह, कैसरगंज के आनन्द कुमार यादव, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी के प्रतिनिधि निशंक त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि करणवीर सिंह, क्षेत्र पंचायत प्रमुखगण, जिला पंचायत सदस्य व जिला योजना समिति सदस्य संदीप जायसवाल सहित अन्य जिला पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधि व उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के दौरान पौधरोपण के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना को सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया गया।
सड़क के दोनों ओर लगाए जाएंगे अधिक से अधिक पौधे

बैठक का संचालन करते हुए जिला पंचायत के अभियन्ता रवीन्द्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2023-24 हेतु जिला पंचायत के लिए 11 हज़ार पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित है। निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष पौधरोपण के लिए सभी तैयारी पूर्ण कर ली गयी है। अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से जिला पंचायत की सड़कों के दोनों ओर तथा जिला पंचायत की परिसम्पत्तियों में उपलब्ध भूमि पर अधिक से अधिक पौधरोपण कराएं।
विधायक महसी सुरेश्वर सिंह ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि जिले की धरा सुरम्य वनों से आच्छादित है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम को जनसहयोग के बिना सफल नहीं बनाया जा सकता है। जिला पंचायत व जिला योजना समिति सदस्य संदीप जायसवाल ने भी पौधरोपण अभियान को लेकर अपनी अहम भूमिका निभाने की बात कही। उन्होंने कहा कि वह वन वन क्षेत्र के निकटवर्ती इलाके के निवासी हैं और उन्होंने पौधरोपण से होने वाले लाभ पर प्रकाश डाला। साथ ही अपनी सहभागिता का आश्वासन दिया। श्री मती सिंह ने जनपदवासियों से अपील की कि 22 जुलाई व 15 अगस्त को कम से कम 01 पौध अवश्य रोपित करें। जनप्रतिनिधियों की भी जिम्मेदारी है कि इस अभियान में बढ़-चढ़ कर शरीक हों और आमजन को प्रेरित करें।
बैठक के दौरान जल जीवन मिशन अन्तर्गत क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत न कराये जाने सदस्यों ने खेद व्यक्त किया। अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखे जाने की मांग की। यह भी कहा कि कार्य दाई संस्था के द्वारा कराए गए कार्यों का सत्यापन न किया जाए।
बैठक के दौरान सदस्यों की ओर से यह भी सुझाव प्राप्त हुआ राशन कार्ड धारकों का सत्यापन कर अपात्र लोगों के राशन कार्ड निरस्त कर उनके स्थान पर वंचित पात्र लोगों का राशन कार्ड निर्गत किया जाय। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पीएम आवास योजना के लाभार्थियों की अन्तिम सूची के सत्यापन के दौरान लाभार्थी के अपात्र पाएं जाने पर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरूद्ध कार्रवाई की जाय। बैठक के दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि जिसे सदस्य के क्षेत्र में कार्य कराया वहां के सदस्य को कार्य की जानकारी दी जाय तथा शिलालेख में सदस्य का नाम भी लिखा जाय।
बैठक के अन्त में पौधरोपण की कार्ययोजना तथा गत बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मती सिंह ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपील की गई कि अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय कर जनपद को विकास के पथ पर अग्रसर रखते हुए प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के सपनों को साकार करने में सहयोग प्रदान करें।
श्रीमती सिंह ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि सदस्यों द्वारा उठायी गयी समस्याओं का समयबद्धता के साथ निराकरण कराकर कृत कार्यवाही से सदस्यों को भी अवगत कराएं। इस अवसर पर मुख्य अधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना, डीएफओ बहराइच संजय शर्मा, सीएमओ डॉ. एस.के. सिंह, डीसी मनरेगा के.डी. गोस्वामी, पीडी डीआरडीए राज कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






