बहू-बेटी सम्मेलन में महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरपालपुर,हरदोई। मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत थाना हरपालपुर पुलिस की ओर से ग्राम ज्यूरी चंद्रमपुर में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में महिलाओं, बालिकाओं एवं पुरुषों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने महिला हेल्पलाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 181 तथा आपातकालीन सेवा 112 के बारे में विस्तार से बताया। साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताते हुए कहा गया कि ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी की रकम को रोकने के लिए समय रहते कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम में थाना हरपालपुर की उपनिरीक्षक अंजना सचान, महिला आरक्षी आशा, आरक्षी संध्या एवं महिला आरक्षी शिवांगी मौजूद रहीं। पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस की मदद लेने के लिए जागरूक किया।






