
जन एक्सप्रेस /पुलभट्टा :- मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलभट्टा थाना पुलिस ने बॉर्डर चेकिंग के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से कुल 20.10 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक 13 सितंबर को थाना पुलभट्टा पुलिस टीम उधमसिंह नगर-बरेली सीमा पर गोला नदी पुल के उत्तरी छोर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बहेड़ी की ओर से किच्छा आ रहे दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में फैजल अहमद (25) निवासी वार्ड नंबर 02 शीशमहल काठगोदाम के कब्जे से 10.01 ग्राम तथा आदित्य सिंह बिष्ट (37) निवासी दमुवाढूंगा काठगोदाम के कब्जे से 10.09 ग्राम स्मैक बरामद होने का दावा किया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने हल्द्वानी क्षेत्र में स्मैक बेचने वालों तथा बहेड़ी के कथित सप्लायर के संबंध में जानकारी दी है। पुलिस का कहना है कि संबंधित लोगों के खिलाफ भी जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक ओमप्रकाश नेगी, अपर उप निरीक्षक प्रताप सुयाल, कांस्टेबल चारु पंत और कांस्टेबल शुभम सैनी शामिल रहे।






