utrakhandउत्तरकाशी

साधु के भेष में घूम रहे आठ लोगों का पुलिस एक्ट में चालान

जन एक्सप्रेस /लोहाघाट :- जन्माष्टमी मेले में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर चम्पावत पुलिस ने ऑपरेशन कालनेमी के तहत बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने साधु के भेष में बिना सत्यापन घूम रहे आठ लोगों को चिन्हित कर उनका सत्यापन किया और पुलिस एक्ट के तहत चालान किया।

पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देश पर जनपद में आयोजित मेलों में बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण और लोहाघाट थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार के निर्देशन में जन्माष्टमी मेले में चेकिंग अभियान चलाया गया।

चेकिंग के दौरान पुलिस को कुछ बाहरी व्यक्ति साधु के भेष में घूमते मिले। आरोप है कि वे लोगों को टीका-पिठिया लगाकर उनसे पैसों की मांग कर रहे थे। पुलिस टीम ने आठ संदिग्धों को रोककर पूछताछ और सत्यापन किया। सत्यापन में सभी आठ लोग उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के ग्राम रानीगंज पिपरा के निवासी पाए गए।

पुलिस के अनुसार, बिना सत्यापन मेले में पहुंचकर लोगों से टीका-पिठिया के नाम पर धनराशि मांगने के मामले में सभी आठ के खिलाफ धारा पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने उन्हें अपने मूल निवास स्थान लौटने की हिदायत दी। साथ ही भविष्य में बिना सत्यापन इस तरह की गतिविधियों के लिए जनपद में प्रवेश करने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button