UP Breaking Newsउत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

सुल्तानपुर की टीम ने जीती विधानसभा स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता

सवायजपुर,हरदोई। मेरा युवा भारत के तत्वावधान में ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम-8 के तहत शुक्रवार को बलभद्र सिंह पूर्व माध्यमिक विद्यालय, सुल्तानपुर में विधानसभा स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- सवायजपुर,हरदोई। मेरा युवा भारत के तत्वावधान में ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम-8 के तहत शुक्रवार को बलभद्र सिंह पूर्व माध्यमिक विद्यालय, सुल्तानपुर में विधानसभा स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में बलभद्र सिंह पूर्व माध्यमिक विद्यालय, सुल्तानपुर की टीम ने सेठ बाबूराम भारती इंटर कॉलेज, पाली की टीम को पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया और विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। पंत इंटर कॉलेज, पाली की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का भी विकास करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में अधिक से अधिक भागीदारी करने का आह्वान किया।

मेरा युवा भारत की जिला युवा अधिकारी रूबी पाल ने बताया कि ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम-8 के अंतर्गत जिले की सभी विधानसभाओं में विधानसभा स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य ग्रामीण एवं स्थानीय स्तर की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और युवाओं को खेलों से जोड़ना है।

प्रतियोगिता में रेफरी विजय यादव मौजूद रहे। शिक्षा विभाग की ओर से बीईओ सुनील सिंह सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। आयोजन में थाना पचदेवरा पुलिस टीम का सहयोग रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मेरा युवा भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक अजय कुमार, कीर्ति तिवारी और रामजी का विशेष योगदान रहा। मंच संचालन अभिषेक पाठक ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button