
जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :- जनपद के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 24 सितंबर को जिला कार्यालय सभागार, रुद्रप्रयाग में लघु रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली ने बताया कि मेले में विभिन्न नियोजक एवं कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। उपलब्ध रिक्तियों के अनुरूप अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। मेले में प्रतिभाग करने के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों का पूर्व पंजीकरण 19 सितंबर से जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में सुबह 10 बजे से शुरू हो गया है।
अभ्यर्थियों को मेले में अपने साथ बायोडाटा (रिज्यूम), मूल शैक्षिक एवं अन्य प्रमाण-पत्र, प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और आईडी प्रूफ लाना अनिवार्य होगा।
मेले में युवाओं को विभिन्न नियोजकों के साथ ही सेवायोजन विभाग एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा वृत्तिक परामर्श और रोजगार मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। जिला सेवायोजन अधिकारी ने जनपद के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से रोजगार मेले में प्रतिभाग कर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।






