
जन एक्सप्रेस /चिन्यालीसौड़ :- रेनबो इंटरनेशनल एकेडमी, चिन्यालीसौड़ में 1 सितंबर 2026 से स्वच्छता पखवाड़ा उत्साह, उमंग एवं जागरूकता के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में नवम दिवस पर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा स्वच्छता अभियान एवं जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

रैली के दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता संदेशों, प्रेरणादायक नारों, पोस्टर एवं बैनरों के माध्यम से आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। रैली का शुभारंभ स्वच्छता प्रेरणादायक गीत के साथ हुआ।विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री दिनेश नाथ जी ने विद्यार्थियों को स्वच्छता का महत्व बताते हुए अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।

इस अभियान में स्वच्छता प्रभारी श्रीमती प्रीति बर्तवाल, श्री सचिन, श्री शंकर, श्रीमती रंजना एवं सतवीर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय सहभागिता की।कार्यक्रम को सफल बनाने में नगर पालिका परिषद, चिन्यालीसौड़ की कूड़ा संग्रहण गाड़ी का भी विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।स्वच्छता अपनाएँ, बीमारी भगाएँ” के संदेश के साथ विद्यार्थियों ने स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का संकल्प लिया।






