utrakhandउत्तरकाशीहल्द्वानी

रात में हुआ दर्दनाक हादसा, पैराफिट तोड़कर खाई में गिरा बुलेट सवार

जन एक्सप्रेस /हल्द्वानी :-  काठगोदाम थाना क्षेत्र के गुलाबघाटी में बुधवार देर रात एक बुलेट मोटरसाइकिल पैराफिट से टकराकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दिल्ली निवासी करीब 42 वर्षीय भूपेश कुमार घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर उन्हें खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार हादसा बीती रात करीब 1:07 बजे गुलाबघाटी में हनुमान मंदिर के पास भद्दूनी मार्ग पर हुआ। सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस की पीसी-04 और चीता कर्मी मौके पर पहुंचे। टॉर्च की रोशनी में खाई में तलाश करने पर बाइक सवार पेड़ और झाड़ियों के बीच फंसा मिला। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला।

दुर्घटनाग्रस्त बुलेट का नंबर डीएल8-एसडीएस-5488 बताया गया है। ई-चालान ऐप से जांच करने पर बाइक भगवान दास निवासी नेहरू एन्क्लेव, अलीपुर, नई दिल्ली के नाम पंजीकृत मिली। वाहन स्वामी ने पुलिस को बताया कि बाइक उनके जमाई भूपेश कुमार पुत्र चंद्र प्रकाश निवासी रोहिणी, दिल्ली किसी काम से काठगोदाम लेकर गए थे।

पुलिस के मुताबिक घायल भूपेश कुमार नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे। हादसे में उनके पैर में चोट आई है। उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button