एडीएम ने बरौलिया बाढ़ चौकी का किया निरीक्षण, पीड़ितों को दिया हर संभव मदद का भरोसा

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- सांडी क्षेत्र के बरौलिया गाँव में मंगलवार को एडीएम दीपाली भार्गव ने नवस्थापित बाढ़ चौकी का औचक निरीक्षण कर राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एसडीएम शिवानी सिंह सहित ब्लॉक स्तर के कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत शिविर में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान एडीएम दीपाली भार्गव ने पीड़ितों से भोजन वितरण, पेयजल और शिविर की व्यवस्थाओं के बारे में पूछा।
उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों की बुनियादी जरूरतों का पूरा ध्यान रखा जाए और राहत व बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बाढ़ चौकी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम शिविर में लगातार मुस्तैद रहकर पीड़ितों को सेवाएं दे रही है। नर्सों द्वारा ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई और नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं।इसके साथ ही, बाढ़ से प्रभावित पशुओं की देखभाल के लिए पशु चिकित्सक भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने मवेशियों का उपचार कर मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराईं। एडीएम और एसडीएम ने प्रशासन की ओर से आश्वस्त किया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए शासन और प्रशासन पूरी तरह कटिबद्ध है।






