utrakhandटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगपिथौरागढ़

तीन बकरियों से शुरू किया सफर, अब 40 बकरियों का कारोबार गोट वैली योजना से प्रकाश बने आत्मनिर्भर

जन एक्सप्रेस /पिथौरागढ़ :-  सरकारी योजनाएं यदि सही लाभार्थी तक पहुंचें तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था की तस्वीर बदल सकती है। इसका उदाहरण ग्राम सिंलिंग निवासी प्रकाश कोहली ने पेश किया है। कभी महज तीन बकरियों से बकरी पालन शुरू करने वाले प्रकाश आज 40 बकरियों के मालिक हैं और बीते दो वर्षों में करीब 130 बकरियों के बच्चे तैयार कर चुके हैं। गोट वैली योजना का लाभ मिलने के बाद उन्होंने बकरी पालन को स्वरोजगार से जोड़कर आय का स्थायी जरिया बना लिया है।
प्रकाश कोहली पुत्र कुंडल राम को वर्ष 2022-23 में गोट वैली योजना के तहत 15 बकरी और एक बकरा उपलब्ध कराया गया। योजना का लाभ मिलने के बाद उन्होंने बकरी पालन को व्यवस्थित और व्यावसायिक रूप देना शुरू किया। मेहनत और बेहतर प्रबंधन के चलते वर्तमान में उनके पास करीब 40 बकरियां हैं।

प्रकाश ने अब तक चार बार आईटीबीपी को बकरियों की आपूर्ति की है, जिससे उन्हें करीब दो लाख रुपये की शुद्ध आय प्राप्त हुई। बकरी पालन से उनकी आमदनी बढ़ने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। खास बात यह है कि उनके पशुपालन व्यवसाय से एक अन्य व्यक्ति को भी रोजगार मिल रहा है।प्रकाश कोहली का कहना है कि गोट वैली योजना ने उन्हें बकरी पालन को बड़े स्तर पर व्यवसाय के रूप में विकसित करने का अवसर दिया। उन्होंने सरकार और पशुपालन विभाग पिथौरागढ़ का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह की योजनाएं ग्रामीण युवाओं और पशुपालकों को स्वरोजगार से जोड़ने के साथ ही उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।गोट वैली योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को स्वरोजगार से जोड़ना और पशुपालकों की आय बढ़ाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। प्रकाश कोहली की सफलता इस योजना के जमीनी स्तर पर प्रभाव का एक उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button