उत्तर प्रदेशसुल्तानपुर

हाईमास्ट बुझी, वाटर कूलर सूखा… महीनों से बदहाल बल्दीराय ब्लॉक परिसर

जिला पंचायत निधि से लगी हाईमास्ट बनी शोपीस, बंद वाटर कूलर से ग्रामीण परेशान—जिम्मेदारों की कार्यशैली पर उठे सवाल

जन एक्सप्रेस, सुलतानपुर। बल्दीराय ब्लॉक परिसर में ग्रामीणों और फरियादियों की सुविधा के लिए स्थापित व्यवस्थाएं जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते बदहाल हो गई हैं। जिला पंचायत सुलतानपुर निधि से लगाई गई हाईमास्ट लाइट कई महीनों से खराब पड़ी है, जबकि परिसर में लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगाया गया वाटर कूलर भी लंबे समय से बंद है। ऐसे में ब्लॉक परिसर में विभिन्न कार्यों के लिए पहुंचने वाले ग्रामीणों और फरियादियों को सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।ब्लॉक परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, फरियादी और कर्मचारी पहुंचते हैं। परिसर में लगी हाईमास्ट लाइट खराब होने के कारण रात के समय पर्याप्त रोशनी की समस्या बनी रहती है। वहीं, वाटर कूलर बंद होने से लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक निधि से धनराशि खर्च कर सुविधाएं तो स्थापित कर दी जाती हैं, लेकिन उनके खराब होने के बाद नियमित रखरखाव और मरम्मत पर जिम्मेदारों का ध्यान नहीं जाता। हाईमास्ट और वाटर कूलर लंबे समय से खराब होने के बावजूद अब तक इन्हें दुरुस्त कराने की प्रभावी पहल नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर हाईमास्ट लाइट और वाटर कूलर को शीघ्र चालू कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर लाखों रुपये खर्च कर स्थापित की गई सुविधाओं का नियमित रखरखाव नहीं होगा तो सरकारी धन खर्च करने का उद्देश्य ही सवालों के घेरे में आ जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button