उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़ट्रेंडिंग

सेना की वर्दी में कारतूस तस्कर! मेरठ में जवान गिरफ्तार, एके-47 के 70 राउंड बरामद

कश्मीर तैनाती के दौरान ऑपरेशन में किए थे कारतूस चोरी, सेना और ATS की पूछताछ जारी

जन एक्सप्रेस मेरठ: उत्तर प्रदेश एटीएस ने मंगलवार रात मेरठ में सेना के एक जवान को एके-47 राइफल के 70 जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी सेना की वर्दी में था और कारतूस बेचने के इरादे से छुट्टी पर मेरठ आया था।

गिरफ्तारी पल्लवपुरम थाना क्षेत्र की A to Z कॉलोनी के पास से हुई, जहां एटीएस ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर घेराबंदी कर जवान को पकड़ा। आरोप है कि जवान ने पुलिस टीम पर कार चढ़ाने की कोशिश की, लेकिन फुर्ती से उसे पकड़ लिया गया।

कौन है आरोपी जवान?

आरोपी की पहचान राहुल कुमार पुत्र हिमाचल, निवासी नंगली आजड़, थाना दौराला, मेरठ के रूप में हुई है। राहुल की वर्तमान तैनाती अहमदनगर (महाराष्ट्र) की सीटी बटालियन MIC & S ट्रेनिंग सेंटर में है। वह 9 जून को एक महीने की छुट्टी पर घर आया था।

फोन पर डील… और ATS का ट्रैप

गोपनीय सूत्रों से मिले इनपुट के आधार पर यूपी ATS राहुल की निगरानी कर रही थी। राहुल की बातचीत एक युवक अभिनव से हो रही थी, जिसे वह AK-47 के कारतूस बेचने वाला था। डील तय होने के बाद राहुल पल्लवपुरम पहुंचा, जहां ATS ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।

कश्मीर से चोरी किए थे कारतूस

प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि जब राहुल की तैनाती कश्मीर में थी, तब उसने आतंकी ऑपरेशनों के दौरान ये कारतूस चुराए थे। अब वह उन्हें बेचने की फिराक में था। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है कि इसके पीछे कोई गिरोह तो नहीं।

गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

ATS के सब इंस्पेक्टर अमित कुमार भाटी की ओर से आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 7 और 25 (1-AA) में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सभी एंगल से जांच की जा रही है। इस मामले में सेना की इंटेलिजेंस यूनिट, LIU और ATS की टीमें थाने में मौजूद हैं।

कई बड़े सवाल खड़े

क्या राहुल अकेले काम कर रहा था या कोई नेटवर्क जुड़ा है?

कारतूस खरीदने वाला व्यक्ति कौन था?

सेना के अंदर से गोला-बारूद की चोरी कैसे हुई?

जांच एजेंसियां इन सभी पहलुओं पर काम कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button