अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह के अंतर्गत चित्रकूट पुलिस ने किया योगाभ्यास, बढ़ाया आत्मबल
पुरुष और महिला रिक्रूट आरक्षियों ने लिया भाग

जन एक्सप्रेस चित्रकूट (ब्यूरो): 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के दृष्टिगत 15 से 21 जून 2025 तक चल रहे योग सप्ताह के तहत बुधवार, 19 जून को चित्रकूट पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। यह आयोजन पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
पुलिस लाइन, कार्यालयों और अन्य शाखाओं में तैनात पुलिसकर्मियों सहित पुरुष व महिला रिक्रूट आरक्षियों ने प्रतिसार निरीक्षक शिवनारायण के मार्गदर्शन में योगाभ्यास किया। आयोजन का उद्देश्य पुलिस बल को शारीरिक रूप से सक्षम, मानसिक रूप से स्थिर और अनुशासित बनाए रखना रहा।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को योग के महत्व के बारे में बताया गया। कहा गया कि “योग भारतीय संस्कृति की प्राचीन धरोहर है, जिसने अब वैश्विक पहचान बना ली है। यह न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन को भी संतुलित करता है। आज के तनावपूर्ण जीवन में योग ही वह मार्ग है, जो मानसिक शांति और आत्मबल की ओर ले जाता है।”
चित्रकूट पुलिस द्वारा यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों को योग की विरासत से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।






