दिल्लीनई दिल्ली

ऊबर और सुलभ इंटरनेशनल देंगे ड्राइवरों को बेहतर सेनिटेशन सुविधाएं

सुरक्षित सेनिटेशन एवं सुलभ सार्वजनिक सुविधाओं के साथ ड्राइवरों के कल्याण को बढ़ावा देने का लक्ष्य

जन एक्सप्रेस/नई दिल्ली (20 नवम्बर, 2025): भारत के अग्रणी राइडशेयरिंग प्लेटफॉर्म ऊबर ने विश्व शौचालय दिवस (वर्ल्ड टॉयलेट डे) के मौके पर सेनिटेशन एवं समाज सुधार में सक्रिय सुलभ इंटरनेशनल के साथ हाथ मिलाया है। इस साझेदारी का उद्देश्य ऊबर के ड्राइवरों को स्वच्छ एवं सुरक्षित सार्वजनिक शौचालयों का निःशुल्क एक्सेस देकर उन्हें हाइजीनिक एवं आरामदायक अनुभव प्रदान करना है।

इस साझेदारी के तहत नौ शहरों- दिल्ली, मुंबई, बैंगलुरू, हैदराबाद, पुणे, जयपुर, लखनऊ, कोलकाता और अहमदाबाद में -ऊबर के ड्राइवर बिना कोई शुल्क दिए सुलभ द्वारा संचालित सार्वजनिक शौचालयों का इस्तेमाल कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य ड्राइवरों के कल्याण एवं हाइजीन में सुधार लाना है जो रोज़ाना कई घण्टे सड़क पर ही बिताते हैं। यह पहल स्वच्छ भारत मिशन को समर्थन प्रदान करते हुए सार्वजनिक स्वास्थ्य, समावेशन एवं गरिमा के प्रति दोनों संगठनों की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

ऊबर के ड्राइवर सुलभ द्वारा संचालित शौचालयों में ड्राइवर ऐप पर अपना ऊबर रजिस्ट्रेशन आईडी दिखाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इन शौचालयों में सेनिटेशन आपूर्ति, सफाई एवं नियमित रखरखाव का काम सुलभ द्वारा किया जाता है। महिला ड्राइवरों की विशेष ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए 50 सुलभ शौचालय परिसरों में सैनिटरी पैड, वेंडिंग मशीनें और इंसीनरेटर भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि महिलाएं निःशुल्क सैनिटरी प्रोडक्ट्स एवं वेस्ट डिस्पोज़ल सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

इस साझेदारी पर बात करते हुए अमित देशपांडे, हैड, सिटी ऑपरेशन्स, ऊबर इंडिया एंड साउथ एशिया ने कहा, ‘‘ड्राइवर अपने दिन का ज़्यादातर समय सड़क पर ही बिताते हैं, ऐसे में उनके लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित सेनिटेशन सुविधाओं को सुलभ बनाना बेहद ज़रूरी है। सुलभ इंटरनेशनल के साथ हमारी साझेदारी ड्राइवरों के लिए रोज़मर्रा की कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाने तथा स्वच्छ भारत मिशन में योगदान देने के ऊबर के सतत प्रयासों को दर्शाती है।’

कुमार दिलिप, प्रेज़ीडेन्ट, सुलभ इंटरनेशनल ने कहा, ‘‘हम ऊबर के प्रयासों की सराहना करते हैं, जिन्होंने अपने ड्राइवरों की गरिमा एवं आराम को महत्व देने के लिए यह कदम उठाया है। सुलभ हमेशा से सेनिटेशन को सुलभ एवं समावेशी बनाने के लिए प्रयासरत रहा है और इस पहल के माध्यम से हम अपनी सुविधाओं को मुख्य शहरों में हज़ारों ऊबर ड्राइवरों तक पहुंचाएंगे। यह साझेदारी बेहतर हाइजीन, ज़्यादा सुविधा को सुनिश्चित कर स्वस्थ एवं सम्मानपूर्ण कार्यबल के निर्माण में योगदान देती है।’

यह साझेदारी ऊबर की पहुंच और सुलभ की विशेषज्ञता के संयोजन द्वारा टेक्नोलॉजी एवं सामाजिक इनोवेशन की सामुहिक क्षमता को उजागर करती है। यह इस बात की भी पुष्टि करती है कि भारत को हमेशा गतिमान बनाए रखने वाले ड्राइवरों के लिए सेनिटेशन एक विशेषाधिकार नहीं बल्कि उनका बुनियादी अधिकार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button