उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

प्रदर्शन कर बैंककर्मियों ने दिया अल्टीमेटम, 30 मार्च को राष्ट्रव्यापी हड़ताल करेंगे

जन एक्सप्रेस/हरदोई: यूपी बैंक एम्प्लॉइज यूनियन हरदोई इकाई के बैनर तले बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन ने आज शाम कार्य दिवस की समाप्ति पर बैंक ऑफ इंडिया के अंचल कार्यालय हरदोई पर जोरदार विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। प्रदर्शन के उपरांत मांगों को लेकर एक ज्ञापन यूनियन नेताओं ने बैंक के अंचल प्रबंधक किरण पाठक को दिया।
यह प्रदर्शन बैंक प्रबंधन की कर्मचारी-विरोधी नीतियों और द्विपक्षीय समझौतों के उल्लंघन के खिलाफ फेडरेशन ऑफ बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ यूनियंस के आह्वान पर किया गया। फेडरेशन ने बैंक ऑफ इंडिया में 30 मार्च 2026 को राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए यूपीबीईयू, हरदोई इकाई के सेक्रेटरी राकेश पाण्डेय ने कहा कि यदि बैंक प्रबंधन द्वारा इन मुद्दों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं तीव्र रूप दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसकी पूरी जिम्मेदारी बैंक प्रबंधन पर होगी।


यूनियन के जिलाध्यक्ष व बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन के प्रान्तीय उपाध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि शाखाओं और सेवा केंद्रों में क्लर्क एवं अधीनस्थ स्टाफ की भारी कमी के बावजूद पदों को रिक्त रखना, जिससे कार्यभार असंतुलित हो रहा है और ग्राहक सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। एक्स-ग्रेशिया मेडिकल स्कीम के तहत भुगतान एवं बफर जारी करने में भेदभावपूर्ण रवैया अपनाना। यूनियन के संयुक्त मंत्री व बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन के उपमहामन्त्री वीर बहादुर सिंह ने कहा कि स्पेशल पे पदों को लंबे समय से “प्रतिस्थापन की अनुपलब्धता” के नाम पर खाली रखना, जिससे कर्मचारियों के अधिकारों का हनन हो रहा है।अत्यावश्यक परिस्थितियों में भी अवकाश स्वीकृत न करना और कर्मचारियों को जबरन बिना वेतन अवकाश पर कर दिया जाता है।
यूनियन के उपाध्यक्ष व बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन के सहायक महामन्त्री आनंद वर्मा ने कहा कि कई मामलों में वार्षिक वेतन वृद्धि और स्टैग्नेशन इंक्रीमेंट को अनुचित आधार पर रोके रखा जा रहा है। कर्मचारियों के वैध दावों को मामूली कारणों से अस्वीकार किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में व्यापक असंतोष फैल रहा है।प्रदर्शनकारियों में विभिन्न बैंको से अजय मेहरोत्रा, कौशलेंद्र शुक्ला, गौरव सिंह, अनिल कुमार, मो० असलम, विपिन गुप्ता, अमित पाण्डेय, संतोष कुमार, आशुतोष, संदीप, रोहित, केशन, योगेंद्र पाल, अजय यादव,सुभाष पांडे, कैलाश बाजपेई, मनोज कुमार, उत्कर्ष गुप्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button