
रुद्रप्रयाग, 27 अगस्त। खेल महाकुंभ-2026 को लेकर जनपद में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने विभागीय तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने गुरुवार को एनआईसी कक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और खिलाड़ियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि न्याय पंचायत एवं विधानसभा स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं। प्रतियोगिता स्थलों पर बालक-बालिकाओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। खेल मैदानों में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली समेत अन्य जरूरी सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मैदान में खेल, जरूरत पर तुरंत इलाज
खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन ने विशेष तैयारी के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को प्रतियोगिताओं के दौरान चिकित्सकों की टीम और एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी खिलाड़ी के घायल होने या आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
9,380 खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण
जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी ने बताया कि खेल महाकुंभ के तहत न्याय पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताएं 1 से 3 सितंबर तक आयोजित होंगी। इसके बाद विधानसभा स्तर पर विधायक चैंपियन ट्रॉफी 16 से 20 सितंबर तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए अब तक 9,380 बालक-बालिकाओं का पंजीकरण हो चुका है।

खेल महाकुंभ में कबड्डी, एथलेटिक्स, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, भाला फेंक, मुर्गा झपट समेत विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रशासन का जोर प्रतियोगिताओं को सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से कराने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने पर है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, एसीएमओ डॉ. सीमा टेकचंदानी, खंड विकास अधिकारी सुरेश शाह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।






