utrakhandराज्य खबरेंरुद्रपुर

पूर्व विधायक ठुकराल समेत कांग्रेसियों को पुलिस ने हिरासत में लिया

जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :-  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जिला मुख्यालय दौरे के दौरान जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर ज्ञापन सौंपने जा रहे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस की कार्रवाई से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर विरोध जताया।

जानकारी के अनुसार पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल अपने समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मुख्यमंत्री से मुलाकात कर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ठुकराल समेत कई कार्यकर्ताओं को घेरकर हिरासत में ले लिया। बाद में सभी को पुलिस वाहन से ले जाया गया।

हिरासत में लिए जाने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पूर्व विधायक ठुकराल ने आरोप लगाया कि पुलिस की कार्रवाई जनता की आवाज दबाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री का विरोध करने नहीं, बल्कि जिला अस्पताल की समस्याओं से उन्हें अवगत कराने और ज्ञापन सौंपने जा रहे थे।

ठुकराल ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल लंबे समय से रेफर सेंटर बनकर रह गया है। पर्याप्त चिकित्सकों की तैनाती नहीं होने के कारण मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। वहीं, मेडिकल कॉलेज में कक्षाएं शुरू नहीं होने को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए।

पूर्व विधायक ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाती रहेगी और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर उसका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button