लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के शुभारम्भ कार्यक्रम का गांधी भवन सभागार में किया गया सजीव प्रसारण

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा लखनऊ में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ का शुभारम्भ किये जाने के क्रम में आज हरदोई के गाँधी भवन सभागार में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम एवं जिला प्रशासन द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य मंत्री उच्च शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश श्रीमती रजनी तिवारी एवं उपस्थित माननीय जनप्रतिनिधिगणों एवं अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर माताओं बहनों को उपहार प्रदान किये गये तथा मुख्यमंत्री के उदबोधन का लाइव प्रसारण देखा गया।
मुख्यमंत्री ने अपने उदबोधन में बताया कि रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम एवं सिटी बस सेवा की बसों में सभी बहनों, बेटियों और माताओं को एक सहयात्री के साथ 27, 28 और 29 अगस्त 2026 तक तीन दिनों की निःशुल्क यात्रा सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही महिला स्वावलंबन और सशक्तीकरण को समर्पित ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना प्रारंभ की गई है। इसके अंतर्गत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर राज्य मंत्री उच्च शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश श्रीमती रजनी तिवारी ने अपने सम्बोधन में कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और उनकी सुविधा सरकार की प्राथमिकता है। इसी के दृष्टिगत इन योजनाओं का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने इस अवसर पर सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने योजना के विषय में भी सभी को जानकारी दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताओं बहनों की उपस्थिति के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रेमवती पी.के. वर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपाली भार्गव, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, यूपीएसआरटीसी हरदोई क्षेत्र के आरएम, एसएम एवं एआरएम के साथ अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।






