EDUCATIONउत्तर प्रदेशहरदोई

जीनियस पब्लिक स्कूल में तृतीय सोपान स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन

रिपोर्ट-बी जी मिश्र

जन एक्सप्रेस /हरदोई :- जीनियस पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हरपालपुर में भारत स्काउट एवं गाइड जिला संस्था हरदोई के तत्वावधान में 22 से 26 अगस्त तक आयोजित पांच दिवसीय तृतीय सोपान जांच एवं प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए स्काउट एवं गाइड विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों को तृतीय सोपान के अंतर्गत गांठ एवं बंधन, टेंट निर्माण, कैंप क्राफ्ट, बिना बर्तन भोजन पकाने, प्राथमिक सहायता, संकेत एवं संचार, दिशा ज्ञान, अनुमान, मार्च-पास्ट, ध्वज शिष्टाचार, हाथ की सीटी के संकेत तथा आपात परिस्थितियों में सहयोग जैसे महत्वपूर्ण व्यावहारिक कौशलों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, साहस एवं सेवा भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।

शिविर के चतुर्थ दिवस जिला आयुक्त शिवाकांत, जिला संगठन स्काउट आयुक्त आकाश कश्यप, जिला संगठन गाइड आयुक्त क्षेता त्रिवेदी एवं एडवांस स्काउट मास्टर अभिषेक अग्निहोत्री की देखरेख में विभिन्न प्रशिक्षण एवं जांच गतिविधियां कराई गईं। प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों की दक्षताओं का परीक्षण करते हुए उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

पंचम दिवस विशेष रूप से सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को मानवता, शांति, सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश दिया गया। इसके साथ ही शिविर की विभिन्न गतिविधियों का मूल्यांकन कर उत्कृष्ट प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया।

शिविर का संचालन विद्यालय के स्काउट मास्टर शिवेंद्र विक्रम सिंह एवं गाइड कैप्टन दुर्गा पांडेय ने किया। प्रशिक्षक दीपेंद्र शुक्ला, नैतिक एवं दीपली ने विद्यार्थियों को स्काउटिंग एवं गाइडिंग की बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

समापन अवसर पर विभिन्न विद्यालयों से आए प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों एवं अधिकारियों को विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को स्काउटिंग एवं गाइडिंग के व्यावहारिक कौशलों के साथ ही अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता का महत्व समझाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button