मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार पटेल की पुण्यतिथि पर किया भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पण
पटेल पार्क, हजरतगंज में मुख्यमंत्री ने पुष्प अर्पित कर आधुनिक भारत के शिल्पकार के विचारों को किया नमन

जन एक्सप्रेस लखनऊ।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी लखनऊ के पटेल पार्क, हजरतगंज में आधुनिक भारत के शिल्पकार और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल के राष्ट्रनिर्माण में अतुलनीय योगदान को याद किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल देश की एकता और अखंडता के प्रतीक थे। उन्होंने सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर एक सशक्त और संगठित भारत की नींव रखी। आज का भारत उन्हीं के दृढ़ संकल्प और कठोर निर्णयों का परिणाम है।अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जम्मू-कश्मीर मुद्दे पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा,“जम्मू-कश्मीर पंडित नेहरू के हाथ में था, लेकिन उनकी नीतियों ने कश्मीर को इतना विवादित बना दिया कि आज़ादी के बाद भी वह भारत को डसता रहा। उग्रवाद और अलगाववाद उसी कश्मीर से देश को मिला।”
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा,“यह देश प्रधानमंत्री मोदी जी का आभारी है, जिन्होंने धारा 370 हटाकर कश्मीर और कश्मीरियों को पूरी तरह भारत से जोड़ दिया। आज कश्मीर विकास, शांति और विश्वास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।”मुख्यमंत्री ने युवाओं से सरदार पटेल के अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और दृढ़ इच्छाशक्ति के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन्हीं मूल्यों के सहारे आत्मनिर्भर और सशक्त भारत का निर्माण संभव है।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।






