
सुल्तान अंसारी
जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सितारगंज पुलिस ने बिज्टी चौराहे के पास चेकिंग के दौरान तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 18.57 ग्राम स्मैक, 60 ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड एवं एसीटामिनोफेन टैबलेट, 16 फेनिरामाइन मेलिएट (एविल) इंजेक्शन और तीन सिरिंज बरामद हुई हैं।
पुलिस के मुताबिक, बिज्टी चौराहे के पास चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल पर तीन युवक संदिग्ध अवस्था में बैठे दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर उन्होंने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान नशीले पदार्थों के अलावा पारदर्शी पन्नियां व अन्य सामग्री भी बरामद हुई। पुलिस ने नशीले पदार्थों के परिवहन में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (यूके06एपी6079) और दो मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरजीत सिंह (30) पुत्र महेंद्र सिंह निवासी ग्राम सैंजनी सितारगंज, अमनदीप सिंह (27) पुत्र मक्खन सिंह निवासी ग्राम दड़ा सितारगंज और मो. हासिम (20) पुत्र सरीफ निवासी इस्लामनगर सितारगंज के रूप में हुई है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब नशीले पदार्थों की खेप के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक कैलाश देव, हेड कांस्टेबल मतलूब खान, हेड कांस्टेबल मनोज ग्वाल, कांस्टेबल अशोक बोरा और कांस्टेबल प्रेम कनवाल शामिल रहे।






