utrakhandउत्तरकाशीटिहरी

सितंबर में वार्ड स्तर पर लगेंगे स्वास्थ्य शिविर, नागरिकों को मिलेंगी निशुल्क जांच और दवाइयां

जन एक्सप्रेस /पिथौरागढ़ :-  नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सितंबर माह के दौरान नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को नगर निगम बोर्ड सभागार में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशान्त कौशिक, सहायक नगर आयुक्त रामदेव जायसी एवं पार्षदगणों की उपस्थिति में आयोजित बैठक में शिविरों के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में पार्षदों के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाने के साथ ही विभिन्न बीमारियों की समय रहते जांच और उपचार उपलब्ध कराना है।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशान्त कौशिक ने कहा कि वार्ड स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों में नागरिकों को निःशुल्क एक्स-रे, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, डेंटल चेकअप एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जांच के बाद आवश्यकता के अनुसार मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पार्षदों के सहयोग से अधिक से अधिक नागरिकों को इन शिविरों का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनजागरूकता के साथ-साथ समय पर जांच बेहद जरूरी है। वार्ड स्तर पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित होने से ऐसे लोगों को भी जांच और चिकित्सकीय परामर्श मिल सकेगा, जो किसी कारणवश अस्पताल तक नहीं पहुंच पाते हैं।
सहायक नगर आयुक्त रामदेव जायसी ने कहा कि स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन से नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों को अपने ही वार्ड में विभिन्न स्वास्थ्य जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वार्ड के लिए रोस्टर तैयार कर चिन्हित स्थानों पर पार्षदों के सहयोग से शिविर आयोजित किए जाएंगे। नगर निगम की ओर से शिविरों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में पार्षद दिनेश कापड़ी, पुष्पा उप्रेती, अंशु नागी, पवन पाटनी, रविन्द्र बिष्ट, कमलेश जोशी, भूपेन्द्र कठायत, एलएम भट्ट, रवि मेहता, नीरज कोठारी, डेरिक वास्टन, रवि जंग एवं सौरभ भण्डारी सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button