मुसीबत : वर्षों से पगडंडियों के सहारे आवागमन को मजबूर सैकड़ों ग्रामीण

जन एक्सप्रेस/ प्रतापगढ़: जिले की पट्टी तहसील के मंगरौरा विकासखण्ड का एक ऐसा गांव जहां के ग्रामीण आज भी पगडंडियों के सहारे आवागमन को मजबूर हैं। इसके चलते उन्हें तमाम तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बता दें कि मंगरौरा विकासखण्ड के नरहरपुर ग्रामसभा अंतर्गत पूरेफुरमान के लोगों ने बताया कि लगभग डेढ़ किलोमीटर कच्चे रास्ते से होकर हम लोग रोजाना गुजरते हैं। गर्मियों में उड़ती हुई धूल व बारिश में कीचड़ से परेशान हम लोगों आज भी पक्की सड़क के लिए भटक रहे हैं। ऐसा नहीं कि क्षेत्र के लोगों ने इसके लिए शासन-प्रशासन से फरियाद न की हो। क्षेत्र के ग्रामीण वर्षों से फरियाद तो कर रहे हैं लेकिन सुनवाई के नाम पर मिला तो महज आश्वासन। गांव में संचालित लालता प्रसाद इंडियन गैस एजेंसी के मालिक सुरेश बहादुर सिंह ने बताया आजादी के इतने सालों के बाद भी हमारे गांव में आवागमन की गम्भीर समस्या बनी हुई है। हम लोगों का आज भी कच्चे रास्ते से ही आवागमन होता है। वहीं सिलेंडर लेकर आने-जाने वाले वाहनों को भी आवागमन में भारी मुसीबत का सामना करना पड़ता है। अजय सिंह व प्रकाश सिंह ने कहा कि बारिश के दिनों में तो हम लोगों को मोटरसाइकिल से निकलने में बड़ी समस्या होती है कई बार ग्रामीण गिरकर चोटहिल हो चुके हैं। वहीं त्रिपुरारी सिंह, इन्द्र प्रताप विश्वकर्मा, विश्राम, राजीव सिंह, अभिषेक सिंह ने बताया कि पक्की सड़क न होने के कारण बारिश के मौसम में आपातकालीन सुविधाओं का भी लाभ हम लोगों को नहीं मिल पाता है। जिसके चलते उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने मांग किया कि उनके गांव तक अधूरे सडक़ को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि उन्हें परेशानियां न उठानी पड़े।
सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य ने ग्रामीणों की समस्या के बाबत पूछने पर कहा कि रास्ते का प्रस्ताव हो चुका है गांव वालों की समस्या का समाधान जल्द ही हो जायेगा। बारिस के पहले कच्चे मार्ग पर पक्की सड़क बनकर तैयार हो जायेगी।
सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य






