हरदोई के जोधनपुरवा में हैंड ग्रेनेड मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस की सक्रियता से टला बड़ा हादसा

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- हरपालपुर थाना क्षेत्र के जोधनपुरवा गांव में शुक्रवार को हैंड ग्रेनेड जैसी संदिग्ध वस्तु मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही हरपालपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर और क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए। पुलिस ने उच्चाधिकारियों के साथ ही बम निरोधक दस्ते को सूचना दी। विशेषज्ञों की मौजूदगी में संदिग्ध वस्तु को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कराया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए हैंड ग्रेनेड की जांच के लिए लखनऊ से बम निरोधक दस्ता प्रभारी भोलानाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम हरपालपुर कोतवाली पहुंची। टीम ने हैंड ग्रेनेड को अपने कब्जे में लिया और उसे लेकर जांच के लिए लखनऊ रवाना हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद हैंड ग्रेनेड वर्ष 1999 में निर्मित है। अब विशेषज्ञ इसकी वर्तमान स्थिति, उपयोगिता तथा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करेंगे। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हैंड ग्रेनेड यहां तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे क्या कारण रहे।
पुलिस की त्वरित सक्रियता और सूझबूझ के चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मौके पर पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा घेरा बनाकर ग्रामीणों को संदिग्ध वस्तु से दूर रखा तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करने की हिदायत दी।
इस संबंध में सीओ हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल मौके पर भेजकर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए। संदिग्ध वस्तु को लेकर किसी भी तरह का जोखिम न हो, इसके लिए उच्चाधिकारियों और विशेषज्ञ टीम को सूचना दी गई। आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई की गई।हालांकि स्थानीय पुलिस की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।पुलिस की इस त्वरित कार्यवाई की ग्रामीण सराहना कर रहे हैं।






