उत्तर प्रदेशराज्य खबरें

जौनपुर में हाथ बंधे युवक का चारागाह में मिला शव, हत्या की आशंका

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर मुंगराबादशाहपुर पवांरा थाना क्षेत्र के सहनी गांव के चारागाह में रविवार की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। उसके शरीर में कुछ जगहों पर चोट के निशान मिलने की वजह से हत्या की आशंका जतायी जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया, उसकी पहचान नहीं हो सकी। रविवार की सुबह पवांरा के सहनी गांव के कुछ ग्रामीण टहलने निकले थे तभी चारागाह में पड़ा शव दिखा। सूचना थाने पर दी गई। थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों के मुताबिक युवक के हाथ-पैर बंधे हुए थे जिससे हत्या की आशंका जतायी जा रही है। माना यह जा रहा है कि युवक की हत्या कर लाश यहां पर फेंक दी गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और मुखबिरों से जानकारी जुटा रही है। सीओ प्रतिमा वर्मा ने कहा कि तमाम पहलुओं पर पुलिस जांच कर रहीं हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button