
जन एक्सप्रेस /विकासनगर स्वतंत्रता सेनानी नेताजी केदार सिंह खेल मैदान, नागथात में आयोजित 33वें जौनसार-बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव का मंगलवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हो गया। जौनसार-बावर सांस्कृतिक पुनरुत्थान समिति, खत बहलाड द्वारा आयोजित इस महोत्सव में खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ-साथ पारंपरिक लोक संस्कृति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
महोत्सव के दौरान आयोजित वॉलीबॉल गांव वाइज प्रतियोगिता में ग्राम मद्रंसू की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लखवाड़ की टीम को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कबड्डी ओपन लीग में जौनसार टाइटंस टीम विजेता रही, जबकि चौहान टाइटंस टीम उपविजेता बनी।
कबड्डी गांव वाइज प्रतियोगिता में भंजरा की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि टीमरा की टीम दूसरे स्थान पर रही। कैरम डबल्स प्रतियोगिता में कुलदीप तोमर लोहारना एवं मनोज लारा सिला की जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं मनोज लाच्छा और भरत सिला की टीम दूसरे स्थान पर रही।
कैरम सिंगल्स प्रतियोगिता में मनोज सिला विजेता बने, जबकि अरविंद सिला ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में जंगाबाजी नृत्य श्रेणी में नरेन्द्र एंड पार्टी, मसराड ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि श्याम सिंह एंड पार्टी, बहलाड दूसरे स्थान पर रही।
रासौ नृत्य प्रतियोगिता में बबीता और उनकी टीम, ग्राम बाढ़ो ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं राधा एंड पार्टी, बाढ़ो की टीम दूसरे स्थान पर रही। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में अनिल डाबरा ने पहला, कार्तिक रखटाड़ ने दूसरा तथा अभिषेक डाबरा ने तीसरा स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी इंदर सिंह नेगी और पुरण सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से किया। समापन अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा जौनसार-बावर की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर खत बहलाड के अध्यक्ष बलवीर सिंह चौहान, खत स्याणा गजेन्द्र चौहान, समिति अध्यक्ष नरेश चौहान, संरक्षक खुशीराम जोशी, सचिव नरेन्द्र तोमर, क्रीड़ाध्यक्ष कृष्ण दत्त उनियाल, उपाध्यक्ष जयपाल तोमर, कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र तोमर, सुंदर नेगी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।



