
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के तत्वावधान में शुक्रवार को 6 दिवसीय वित्तीय समावेशन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस प्रशिक्षण में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी 32 महिलाएं भाग ले रही हैं।
वित्तीय साक्षरता के विभिन्न पहलुओं पर मिलेगा प्रशिक्षण
छह दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को वित्तीय साक्षरता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण में स्मार्ट बचत, जिम्मेदार ऋण प्रबंधन, विवेकपूर्ण खर्च, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, बीमा, निवेश और अन्य वित्तीय सेवाओं से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जाएगी।
गांव-गांव तक पहुंचेगी वित्तीय जागरूकता
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रशिक्षित वित्तीय साक्षरता सामुदायिक संसाधन व्यक्ति (Community Resource Person) राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को वित्तीय साक्षरता की जानकारी देंगे। इससे समूहों की वित्तीय प्रबंधन क्षमता मजबूत होगी और ग्राम स्तर पर वित्तीय जागरूकता का विस्तार होगा।
प्रशिक्षण का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मो. असलम ने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी करते हुए प्राप्त ज्ञान का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
वहीं आरसेटी निदेशक दीपक कोठियाल ने कहा कि प्रशिक्षणार्थी अपने अनुभव और सीख को गांव-गांव तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग वित्तीय रूप से सशक्त और जागरूक बन सकें।
कार्यक्रम में ग्रामीण वित्त समन्वयक चन्द्रप्रकाश डंगवाल, आरसेटी संकाय संजीव नेगी, राधा सहित संस्थान के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और स्वयं सहायता समूहों की प्रतिभागी महिलाएं मौजूद रहीं।






