
जन एक्सप्रेस /थराली :- प्रदेशभर में कार्यरत ब्लॉक रिसोर्स पर्सन (BRP) और क्लस्टर रिसोर्स पर्सन (CRP) ने 66 दिन से वेतन नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। BRP-CRP प्रतिनिधियों ने विधायक भोपाल राम टम्टा को ज्ञापन सौंपकर लंबित वेतन का तत्काल भुगतान कराने और भविष्य में समग्र शिक्षा के माध्यम से सीधे वेतन देने की मांग की।
कर्मियों का कहना है कि उन्हें अक्सर दो से तीन माह तक वेतन का इंतजार करना पड़ता है। वर्तमान में भी कई कर्मियों को 66 दिनों से वेतन नहीं मिला है। इसके बावजूद वे विद्यालयों में भ्रमण, निरीक्षण, शैक्षणिक सहयोग और विभागीय कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं। कर्मियों के अनुसार आवागमन समेत कई खर्च उन्हें स्वयं वहन करने पड़ रहे हैं।
40 हजार निर्धारित वेतन, 22 से 27 हजार भुगतान का आरोप
BRP-CRP कर्मियों ने बताया कि उनका निर्धारित वेतन 40 हजार रुपये बताया गया है, लेकिन खाते में 22 से 27 हजार रुपये तक ही भुगतान होने की शिकायत है। कर्मियों ने सवाल उठाया कि शेष राशि किस मद में काटी जा रही है और कटौती का स्पष्ट विवरण क्यों नहीं दिया जा रहा है।कर्मियों ने वेतन स्लिप में भी पारदर्शिता की मांग की। आरोप है कि वेतन का विवरण मांगने पर कई बार स्पष्ट जानकारी के बजाय ब्लैंक स्लिप उपलब्ध कराई जाती है।
विभाग और कंपनी के बीच फंसने का आरोप
प्रतिनिधियों का आरोप है कि वेतन संबंधी शिकायत लेकर विभागीय अधिकारियों के पास जाने पर उन्हें कथित तौर पर कंपनी से संपर्क करने के लिए कहा जाता है। कर्मियों का कहना है कि विद्यालयों में विभागीय जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद वेतन भुगतान की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है।
सीधे समग्र शिक्षा से भुगतान की मांग
BRP-CRP ने सरकार से वेतन सीधे समग्र शिक्षा के माध्यम से जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी होगी और वेतन में देरी व कटौती संबंधी शिकायतों का समाधान हो सकेगा।कर्मियों ने लंबित वेतन का तत्काल भुगतान, कटौती का पूरा विवरण और भविष्य में समय पर पूरा वेतन देने की व्यवस्था की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर बीआरपी सीआरपी कर्मिक अंकिता,शिवानी,सुभाष, हिमांशु,राहुल,अनूप आदि मौजूद थे।






