70 दिन बाद भी 13 वर्षीय बालिका लापता, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :- सितारगंज से 6 जुलाई से लापता 13 वर्षीय नाबालिग बालिका की 70 दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी बरामदगी नहीं होने पर भाकपा (माले) ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, ऊधम सिंह नगर को ज्ञापन सौंपकर मामले में उच्च स्तर से हस्तक्षेप कर बालिका की शीघ्र और सुरक्षित बरामदगी की मांग की।
ज्ञापन के अनुसार, बालिका 6 जुलाई को एक रेस्टोरेंट से लापता हुई थी। परिजनों ने सागर नामक व्यक्ति और उसके साथियों पर संदेह जताते हुए पुलिस को जानकारी दी थी। आरोप है कि शुरुआती स्तर पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करने के बजाय परिजनों को कंप्यूटर दुकान से शिकायत टाइप कराकर लाने को कहा। संगठन का आरोप है कि मामले को गंभीरता से लेने के बजाय इसे गुमशुदगी के तौर पर दर्ज किया गया और कार्रवाई में देरी हुई।

भाकपा (माले) के अनुसार, 10 सितंबर को कोतवाली में प्रदर्शन की चेतावनी दिए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की कथित लास्ट लोकेशन के आधार पर चंडीगढ़ में टीम भेजने की बात कही थी।
ज्ञापन में 10 सितंबर को हुई वार्ता के दौरान कोतवाली प्रभारी के कथित व्यवहार पर भी आपत्ति जताई गई है। प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि बातचीत के दौरान पीड़ित परिजनों से बच्ची को तलाशने के उनके प्रयासों के बारे में सवाल किए गए। साथ ही, आरोपी और सबूत उपलब्ध कराने संबंधी कथित बयान दिए गए।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि नाबालिग के अपनी सहमति से जाने की बात कही गई तथा उसकी मां, जो आशा वर्कर हैं, से बच्ची को संभाल नहीं पाने संबंधी टिप्पणी की गई। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
भाकपा (माले) के जिला सचिव ललित मटियाली समेत प्रतिनिधिमंडल और परिजनों ने एसएसपी से मामले में उच्च स्तर से निगरानी कर बालिका की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित कराने की मांग की। साथ ही, जांच में पुलिस की लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग भी की गई है।






