उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर: बक्सा में दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत, मां-बाप के इकलौते चिराग की बुझी जिंदगी

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर : जनपद के बक्सा थाना क्षेत्र अंतर्गत शंभूगंज बाजार के पास शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया है।

दवा लेने जा रहा था किशोर

जानकारी के अनुसार, रोहन सोनकर (उम्र 18 वर्ष), पुत्र बटोही सोनकर, शनिवार सुबह लगभग 10:00 बजे अपनी बाइक से शंभूगंज बाजार दवा लेने जा रहा था। बाजार से महज 100 मीटर पहले सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोहन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

परिजनों में मचा कोहराम

मृतक रोहन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत की खबर जैसे ही घर पहुँची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। इकलौते बेटे को खोने के गम में माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस की कार्रवाई

हादसे में घायल हुए दूसरे बाइक सवार को स्थानीय लोगों की मदद से पास के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जिसकी पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही बक्सा पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जाँच और आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button