
जन एक्सप्रेस/नई टिहरी
उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच ने अपने वार्षिक सम्मेलन की तिथि की औपचारिक घोषणा कर दी है। मंच की एक महत्वपूर्ण बैठक बोराड़ी स्थित एक होटल में कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र नौडीयाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारियों ने भाग लिया। इस बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए तय किया गया कि मंच का वार्षिक सम्मेलन आगामी 10 मई, रविवार को नई टिहरी के बोराड़ी स्थित एक होटल में आयोजित किया जाएगा।
बैठक के दौरान उपस्थित आंदोलनकारियों ने पूर्व में लिए गए निर्णय की पुष्टि करते हुए इस सम्मेलन को ऐतिहासिक और भव्य बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि यह सम्मेलन न केवल आंदोलनकारियों के सम्मान और एकजुटता का प्रतीक होगा, बल्कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
इस मौके पर महिपाल सिंह नेगी, श्रीपाल सिंह चौहान, सुंदरलाल उनियाल, मुसर्रफ अली, राकेश राणा, श्यामलाल शाह, उत्तम सिंह तोमर सहित कई वरिष्ठ आंदोलनकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने सम्मेलन की सफलता के लिए अपने सुझाव दिए और इसे व्यापक स्तर पर आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सम्मेलन की तैयारियों को सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया। जनसंपर्क एवं प्रचार-प्रसार समिति में नरेंद्र डंगवाल, राज किशोर थपलियाल, नरेंद्र सिंह राणा, गोपाल सिंह चौहान, राकेश राणा, मुसर्रफ अली, देवेंद्र नौडीयाल और श्यामलाल शाह को शामिल किया गया है। इस समिति की जिम्मेदारी सम्मेलन के प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की होगी।
वहीं मीडिया एवं सोशल मीडिया समिति में जयप्रकाश पांडे, शांति प्रसाद भट्ट, महिपाल सिंह नेगी, श्रीमती ममता उनियाल और राम भरोसे राणा को जिम्मेदारी दी गई है। यह समिति सम्मेलन से जुड़ी गतिविधियों को मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से प्रसारित करेगी।
पंजीकरण एवं प्रस्ताव समिति में महिपाल सिंह नेगी, सुंदर सिंह कठैत, देवेंद्र डूमोगा, श्रीमती लक्ष्मी नौटियाल और गीता राम गैरोला को शामिल किया गया है। यह समिति प्रतिभागियों के पंजीकरण और सम्मेलन में प्रस्तुत किए जाने वाले प्रस्तावों की रूपरेखा तैयार करेगी।
इसके अलावा स्वागत एवं व्यवस्था समिति में राकेश भूषण गोदियाल, श्रीमती भावना डंगवाल, उत्तम सिंह तोमर, विक्रम सिंह कठैत और उर्मिला मैहर को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यक्रम समन्वय समिति में ज्योति प्रसाद भट्ट, किशन सिंह रावत, श्रीपाल सिंह चौहान, राकेश राणा, सुंदरलाल उनियाल, राजेंद्र असवाल, सोमदत्त उनियाल, महावीर उनियाल, राजेंद्र बहुगुणा, पूरन सिंह राणा, धीरेंद्र पेटवाल, लोकेंद्र जोशी, प्रवीण भंडारी, राजेंद्र राणा और रमेश रतूड़ी को शामिल किया गया है।
बैठक के अंत में सभी आंदोलनकारियों ने एकजुट होकर सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया और अधिक से अधिक राज्य आंदोलनकारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन राज्य आंदोलन की भावना को मजबूत करने और भविष्य की रणनीति तय करने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।






