पुरोला में बजरंग दल का प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन—आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द पर उठाए सवाल
बंजरग दल के कार्यकर्ताओं ने उपजिला अधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा

जन एक्सप्रेस/पुरोला
शनिवार को उत्तरकाशी जिले के पुरोला तहसील परिसर में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर देश से जुड़े विभिन्न संवेदनशील मुद्दों को लेकर आवाज बुलंद की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उपजिला अधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन प्रेषित किया, जिसमें देश में बढ़ती कथित जिहादी मानसिकता, अवैध कब्जों और आपराधिक गतिविधियों पर गहरी चिंता व्यक्त की गई।
ज्ञापन में संगठन की ओर से कहा गया कि हाल के समय में देश के विभिन्न हिस्सों से ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जो सामाजिक सौहार्द और आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा बनती जा रही हैं। कार्यकर्ताओं का मानना है कि यदि समय रहते इन मुद्दों पर ठोस और सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो इसका असर देश की एकता और अखंडता पर भी पड़ सकता है।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विशेष रूप से “लव जिहाद” के मामलों में वृद्धि का आरोप लगाया और कहा कि इन मामलों में कई बार नाबालिग लड़कियों के शोषण और धर्मांतरण जैसी गंभीर घटनाएं सामने आती हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि समाज में गलत संदेश न जाए।
इसके अलावा, ज्ञापन में सार्वजनिक भूमि, रेलवे परिसरों और सेना से संबंधित क्षेत्रों में हो रहे कथित अवैध कब्जों का भी मुद्दा उठाया गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस तरह के कब्जे न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी बेहद गंभीर हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे अतिक्रमणों को चिन्हित कर तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग की।
ज्ञापन में धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली गतिविधियों पर भी चिंता जताई गई। संगठन ने कहा कि किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए और प्रशासन को इस दिशा में सख्त निगरानी रखते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
कार्यकर्ताओं ने कुछ क्षेत्रों में हिंदू परिवारों के पलायन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना है कि ऐसे मामलों की जांच कर वास्तविक कारणों का पता लगाया जाए और प्रभावित परिवारों को सुरक्षा व उचित सहायता प्रदान की जाए, ताकि वे अपने घरों में सुरक्षित महसूस कर सकें।
जनजातीय क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग भी ज्ञापन का अहम हिस्सा रही। कार्यकर्ताओं का कहना है कि इन क्षेत्रों में प्रशासन की मौजूदगी और सुरक्षा इंतजामों को और अधिक प्रभावी बनाया जाना चाहिए, जिससे किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों को रोका जा सके।
ज्ञापन के अंत में संगठन ने स्पष्ट किया कि वह राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही प्रशासन से अपेक्षा जताई गई कि वह इन मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक और ठोस कदम उठाएगा।
इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में बजरंग दल के जिला संयोजक अमित नोडियाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष रामचंद्र पंवार, सोनू कपूर, शिवम नोडियाल, अनुज सेमवाल, अभय, अमित रावत, रौमिक नेगी और अखिलेश रावत समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों को प्रशासन तक पहुंचाया और जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई।






