देश

स्वस्थ युवा सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण की धुरी होते हैं: बाली

धर्मशाला । हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली ने मंगलवार को नगरोटा बगवां के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरोत्री में अंडर 14 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में नगरोटा बगवां खण्ड के 32 स्कूलों के 670 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।

इस मौके पर बाली ने सरोत्री स्कूल के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्कूली और ग्रामीण खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। स्कूलों और गांवों में मैदानों के सुधार पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा एक सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण की धुरी होते हैं। खेल का फिटनेस से सीधा नाता है, इसलिए जरूरी है कि युवा खेलों में बढ़चढ़ कर भाग लें।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी मॉडल डे बोर्डिंग स्कूल बनाने की घोषणा की है। इसे लेकर पहले चरण में प्रदेश में 15 विधानसभा क्षेत्रों में यह स्कूल बनाने को मंजूरी दी गयी है। प्रदेश में पहले चरण में बनने वाले इन 15 स्कूलों में से आठ कांगड़ा ज़िले को मिले हैं। इनमें से एक स्कूल नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के रनूह में बनेगा।

आर.एस. बाली ने बच्चों से जीवन में लक्ष्य रख कर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शाॅर्ट कट नहीं होता । युवा यदि जीवन में अनुशासन, मेहनत, एकाग्रता तथा कभी हार न मानने की वृति के साथ निरंतर प्रयासरत रहें तो उनके लिए कोई भी लक्ष्य असाध्य नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button