ताजमहल नहीं देख पाए अफगान विदेश मंत्री, अंतिम समय पर आगरा दौरा रद्द
आमिर खान मुत्तकी को रविवार सुबह पहुंचना था ताजमहल दिल्ली से सड़क मार्ग से आगरा आने का था कार्यक्रम

जन एक्सप्रेस ब्यूरो, आगरा।अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी का रविवार को प्रस्तावित आगरा दौरा आखिरी समय पर रद्द हो गया। मुत्तकी को सुबह 11 बजे दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए आगरा पहुंचना था और ताजमहल का दीदार करना था, लेकिन किसी अज्ञात कारण से उनके कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया।
प्रशासन और पर्यटन क्षेत्र को लगी निराशा
मुत्तकी के ताजमहल दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन और पर्यटन क्षेत्र में विशेष तैयारियां की गई थीं। होटल और स्मारक स्थल पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई थी। लेकिन दौरा अचानक रद्द होने की सूचना ने स्थानीय होटल कारोबारियों और पर्यटन सेवाओं से जुड़े लोगों को निराश किया।
ताजमहल में एक घंटे रुकने का था कार्यक्रम
मुत्तकी का ताजमहल परिसर में सुबह 11:10 से करीब एक घंटे रुकने का कार्यक्रम तय था। इसके बाद पूर्वी गेट स्थित एक होटल में लंच और दोपहर 1:30 बजे दिल्ली लौटने की योजना थी। लेकिन तय समय से पहले ही उनका पूरा दौरा रद्द कर दिया गया।अफगान विदेश मंत्री के दौरे के रद्द होने का कोई आधिकारिक कारण अब तक सामने नहीं आया है। सुरक्षा या कूटनीतिक कारणों को लेकर अटकलें जरूर हैं, लेकिन किसी भी पक्ष की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।






