बिहार

सरकार को निशाना बनाने के लिए अमित शाह पर किया प्रहार

नयी दिल्ली। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालूप्रसाद यादव ने बिहार के सत्तारूढ़ महागठबंधन पर हमला करने को लेकर शनिवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर प्रहार किया और विपक्षी एकता की जरूरत पर जोर दिया। रविवार को यादव बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से भेंट करने वाले हैं। राजद प्रमुख ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ अमित शाह बिल्कुल पगलाये हुए हैं। वहां (बिहार में) उनकी सरकार हटा दी गयी है।

2024 में उसका (भाजपा का) सफाया हो जाएगा। यही वजह है कि वह दौड़ते हुए वहां जा रहे हैं और जंगलराज एवं वे सारी बातें कह रहे हैं। जब वह गुजरात में थे, तब उन्होंने क्या किया।’’ बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने कहा, ‘‘जब वह गुजरात में थे, तब वहां जंगल राज था।’’ जब उनसे गृहमंत्री के इस दावे के बारे में पूछा गया कि भाजपा 2024 में केंद्र में फिर सरकार बनायेगी और अगले साल बिहार में भी सरकार बनायेगी तब , यादव ने कहा, ‘‘ उसे हम देखेंगे। ’’

जब उनसे कहा गया कि भाजपा कह रही है कि कुमार सत्ता की अपनी भूख में बाद में राजद को त्याग देंगे, तब यादव ने कहा कि अब वे दोनों साथ हैं। ऐसी संभावना है कि कुमार एवं यादव रविवार शाम को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर सकते हैं। राजद अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ हम विपक्षी एकता की हरसंभव कोशिश कर रहे हैं। ’’ उन्होंने कहा कि उनकी बैठक का यही एजेंडा है।

शाह ने शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भाजपा की पीठ में छुरा घोंपने तथा ‘‘ कांग्रेस एवं राजद की गोद में बैठकर’’ प्रधानमंत्री बनने का अपना सपना साकार करने की कोशिश करने का आरोप लगाया था। पूर्णिया में एक रैली में शाह ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में कुमार और यादव की जोड़ी का सूपड़ा साफ हो जाएगा और एक साल बाद भाजपा बिहार विधानसभा चुनाव में अपने बलबूते बहुमत जीत लेगी।

JAN EXPRESS

जन एक्सप्रेस न्यूज़ – सच दिखाने की ज़िद हमारा उद्देश्य है आपको सही और निष्पक्ष खबरों से जोड़ना। जन एक्सप्रेस न्यूज़ यूट्यूब चैनल पर आप पाएंगे ताजा खबरें, विशेष रिपोर्ट, और सामाजिक मुद्दों पर गहन विश्लेषण। यहां हर खबर को पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ पेश किया जाता है। हम आपकी आवाज़ को बुलंद करने और समाज के हर कोने से जुड़ी सच्चाई को उजागर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। राजनीति, समाज, शिक्षा, और मनोरंजन से जुड़ी हर खबर के लिए जुड़े रहें जन एक्सप्रेस न्यूज़ के साथ। 📢 सच दिखाने की ज़िद, हर सच के साथ! सब्सक्राइब करें और हर खबर से अपडेट रहें।
Back to top button