उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई में स्कूल चलो अभियान 2026 की जागरूकता रैली निकली, अधिक नामांकन वाले पांच विद्यालय हुए सम्मानित

जन एक्सप्रेस /हरदोई :- बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल चलो अभियान-2026 के द्वितीय चरण के अंतर्गत शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर से गांधी भवन तक भव्य जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करना तथा स्कूल से बाहर रह गए बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रति लोगों को जागरूक करना था।

रैली का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) श्रीमती नेहा ब्याडवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, डायट के प्राचार्य रमेन्द्र कुमार सिंह, प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभास कुँवर श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी डी.एल. राना एवं रतन लाल सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

शिक्षा के नारों से गूंजा शहर

रैली में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां और बैनर लेकर शिक्षा के महत्व का संदेश दिया तथा अभिभावकों से प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन कराने की अपील की।

कलेक्ट्रेट परिसर से गांधी भवन तक निकली रैली के दौरान पूरे मार्ग में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाले नारों से वातावरण गुंजायमान रहा।

कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे

प्रभारी बीएसए प्रभास कुँवर श्रीवास्तव ने बताया कि स्कूल चलो अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और प्रत्येक पात्र बालक-बालिका को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध हो। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों का निकटतम परिषदीय विद्यालय में नामांकन कराने की अपील की।

पांच विद्यालयों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान सर्वाधिक नामांकन वृद्धि दर्ज करने वाले पांच विद्यालयों बरसोहिया, गोंडाराव, काला आम, बसोहा सुमई और सहोरिया बुजुर्ग के प्रधानाध्यापकों को सीडीओ श्रीमती नेहा ब्याडवाल ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।

रैली के सफल आयोजन में ईएमआईएस इंचार्ज शैलेन्द्र कुमार, डीसी राहुल दुबे, एसआरजी आशीष कुमार मिश्र, समस्त एआरपी, अभय सिंह, शिव कुमार, पुष्पेन्द्र, अजीत शुक्ला सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को जलपान भी वितरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button