
जन एक्सप्रेस उत्तराखंड: उत्तरकाशी जनपद में मानसून सीजन के चलते प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा कदम उठाया है। अब रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक जिले के सभी पुलिस बैरियरों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यह निर्णय जिला आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा संभावित भूस्खलन और दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है।
इस अवधि में केवल आपातकालीन सेवाएं, एंबुलेंस और सेना व अर्द्धसैनिक बलों के वाहनों को ही आने-जाने की अनुमति दी जाएगी। सामान्य और स्थानीय वाहन चालक भी इस प्रतिबंध के दायरे में आएंगे।
गौरतलब है कि मानसून के दौरान जनपद में गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे समेत कई मार्गों पर भूस्खलन की घटनाएं आम हो जाती हैं। साथ ही इस समय जिले में चारधाम यात्रा भी चल रही है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बीते वर्षों में रात के समय हुए भूस्खलनों के कारण कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने जानकारी दी है कि पुलिस के छह बैरियरों पर रात के बाद पहुंचने वाले वाहनों को वहीं नजदीकी सुरक्षित स्थलों पर रोक दिया जाएगा। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
अधिकारियों ने क्या कहा:
जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि यह निर्णय पूरी तरह जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। किसी भी प्रकार की ढील से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, इसलिए नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।