utrakhandउत्तरकाशी

चकराता-कालसी में कांग्रेस की BLA बैठक, प्रीतम सिंह ने SIR प्रक्रिया में सुनवाई की तारीखों पर उठाए सवाल

जन एक्सप्रेस/विकासनगर :- विधानसभा चकराता क्षेत्र में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। शनिवार को पछवादून जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चकराता और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कालसी द्वारा कांग्रेस कार्यालय कालसी में बीएलए (Booth Level Agent) की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने बीएलए, कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण के प्रथम चरण में सामने आई त्रुटियों तथा दूसरे चरण में दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने सभी बीएलए से प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराने के लिए पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यकर्ताओं ने उठाए कथित प्रशासनिक विसंगतियों के मुद्दे

बैठक के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और बीएलए ने आरोप लगाया कि बीएलओ द्वारा वितरित कुछ नोटिसों में सुनवाई की तिथि और प्रशासन द्वारा जारी सूची में दर्ज तिथि में अंतर है। कुछ मामलों में नोटिस पर दर्ज तिथि काटे जाने की शिकायत भी सामने आई। कार्यकर्ताओं ने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए निष्पक्ष पुनरीक्षण प्रक्रिया पर सवाल उठाए।

प्रीतम सिंह ने एसडीएम से की बातचीत

इन शिकायतों पर विधायक प्रीतम सिंह ने मौके पर ही संबंधित उपजिलाधिकारी (एसडीएम) से दूरभाष पर बातचीत कर स्थिति स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की शिकायत जिलाधिकारी से भी की जाएगी ताकि प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

एसडीएम कालसी का पक्ष

उपजिलाधिकारी प्रेमलाल ने स्पष्ट किया कि सुनवाई पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगी। उन्होंने कहा कि जिन तिथियों का निर्धारण पहले से किया गया है, उन्हीं तिथियों पर संबंधित पोलिंग बूथों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराई जाएगी।

कांग्रेस में शामिल हुए सुरेंद्र

बैठक के दौरान विकासखंड कालसी के खत शैली, ग्राम बजऊ निवासी सुरेंद्र ने भाजपा की नीतियों से असंतोष जताते हुए कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए इसे संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर, ब्लॉक अध्यक्ष सुनील शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष मायाराम तोमर, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सरदार सिंह तोमर, जिला पंचायत सदस्य दीवान सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, बीएलए और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button