बेवफाई का खूनी अंत : पति की हत्या के आरोप में पत्नी व उसके प्रेमी समेत तीन गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/ प्रतापगढ़: जनपद के थाना हथिगवां क्षेत्र के तुला का पुरवा में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर ही खुलासा कर दिया है। मृतक की पत्नी को हत्या की मुख्य साजिशकर्ता बताते हुए उसके दो सहयोगियों के साथ गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते रविवार की सुबह तुला का पुरवा ( बेंती ) निवासी देवीदीन यादव (40 वर्ष) का शव उसके घर के बाहर चारपाई पर संदिग्ध अवस्था में मिला था। मृतक के चेहरे पर खून और गले पर कसाव के निशान थे। घटना के बाद मृतक की पत्नी रीना यादव ने ही पुलिस को अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी थी। जिसके बाद मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में लगी थी। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में गठित हथिगवां पुलिस और स्वाट टीम ने जब मामले की गहराई से जांच की तो शक की सुई मृतक की पत्नी रीना की ओर घूमी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सोमवार को डीहा स्थित दुआर नाला के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ा। कड़ाई से पूछताछ करने पर रीना यादव ने स्वीकार किया कि उसने अपने सहयोगियों सुभाष पाल और गुड्डू पटेल के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी रीना यादव व उसके दोनों सहयोगी सुभाष पाल एवं गुड्डू पटेल को गिरफ्तार किया है।
एएसपी बृजनंदन राय ने बताया कि मृतक की पत्नी रीना यादव का सुभाष पाल के साथ सम्बन्ध था। घटना की रात आरोपी सुभाष अपने दोस्त गुड्डु के साथ रीना के घर आया था। पति ने जब देखा तो विवाद हो गया। जिसके बाद सुभाष व उसके दोस्त गुड्डु पटेल ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।






