
जन एक्सप्रेस / नई टिहरी : नई टिहरी-जाख-डोबरा मोटर मार्ग पर जसपुर गांव के ग्रामीणों ने ठेकेदारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि थापलाधार अनुसूचित जाति बस्ती के पास अवैध खनन कर सामग्री बेची जा रही है, जिससे स्थानीय आबादी और मुख्य मार्ग दोनों को बड़ा खतरा पैदा हो गया है।
रात के अंधेरे में मशीनों का खेल
ग्रामीण आनंद नेगी और चमन लाल ने बताया कि ठेकेदार द्वारा रात के समय जेसीबी मशीनों से खुदाई की जा रही है। खुदाई से निकली मिट्टी और पत्थरों को ट्रकों में भरकर बाहर सप्लाई किया जा रहा है। विरोध करने पर ठेकेदार द्वारा कोई वैध अनुमति पत्र भी नहीं दिखाया गया।
बस्ती और मोटर मार्ग को खतरा
जिस स्थान पर खनन हो रहा है, वहां अनुसूचित जाति बस्ती के कई परिवार रहते हैं। ग्रामीणों को डर है कि इस बेतरतीब खुदाई से पूरी बस्ती धंस सकती है और मुख्य मोटर मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो सकता है।
प्रशासन का पक्ष: केवल समतलीकरण की थी अनुमति
इस मामले में अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया है:
-
तहसीलदार धीरज राणा: “प्रशासन ने केवल खेल मैदान के समतलीकरण (Leveling) की अनुमति दी थी। अगर सामग्री बेची जा रही है, तो यह पूरी तरह अवैध है।”
-
जिला खनन अधिकारी रवि नेगी: “विभागीय टीम को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।”






