उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई के महुआकोला में बुद्ध प्रतिमा विवाद: 7 गिरफ्तार, 38 नामजद, बाहरी लोगों की भूमिका पर उठे सवाल

जन एक्सप्रेस/हरदोई: बेनीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम महुआकोला में भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापना को लेकर हुए विवाद ने जिले में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस कार्रवाई के बाद सामने आए तथ्यों से यह चर्चा तेज हो गई है कि विवाद में जिले और गांव के बाहर के लोगों की सक्रिय भूमिका रही, जिससे स्थानीय माहौल प्रभावित हुआ।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार 27 मई को सूचना मिली थी कि कुछ बाहरी व्यक्तियों के सहयोग से निजी भूमि पर बिना वैधानिक अनुमति के भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित की गई है। इसके बाद गांव में विरोध की स्थिति बनी और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी।

मामले में पुलिस ने शिवम मौर्य पुत्र अशोक कुमार निवासी टेढ़ी पुलिया, लखनऊ, रिंकू मौर्य, राममूरत, अनुज, राधेश्याम, नन्नू तथा सेवन निवासी ग्राम महुआकोला को गिरफ्तार किया है।

इसके अलावा पुलिस अभिरक्षा में लिए गए अन्य लोगों में मुकेश मौर्य निवासी रायबरेली तथा राजाराम मौर्य निवासी महुआकोला शामिल हैं। पुलिस ने मुकदमे में कुल 38 नामजद तथा अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है।

घटना के बाद स्थानीय स्तर पर यह चर्चा तेज हो गई है कि जब मामला गांव से जुड़ा था तो अन्य जनपदों से आए लोगों की भूमिका क्या थी। ग्रामीणों का कहना है कि बाहरी लोगों की मौजूदगी ने विवाद को और अधिक संवेदनशील बना दिया।

जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक हरदोई अशोक कुमार मीणा ने मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और शांति व्यवस्था बिगाड़ने या लोगों को भड़काने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हरदोई लंबे समय से सामाजिक सौहार्द और भाईचारे के लिए जाना जाता है। ऐसे में महुआकोला की घटना ने यह बहस छेड़ दी है कि कहीं बाहरी तत्व स्थानीय सामाजिक और जातीय मुद्दों को भड़काकर जिले का माहौल खराब करने का प्रयास तो नहीं कर रहे। हालांकि पूरे मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button