दो दिवसीय दौरे पर चंपावत पहुंचे राज्यपाल

चम्पावत । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर चंपावत पहुंचे। सर्किट हाउस में बने हेलीपैड पर पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी ने चंपावत आगमन पर राज्यपाल को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
राज्यपाल यहां से मायावती आश्रम पहुंचे। जहां प्राकृतिक सौंदर्य को निहारते हुए राज्यपाल ने कहा कि यहां से हिमालय के दर्शन होते हैं। यहां की प्रकृति तनाव मुक्त करने में मददगार है। उन्होंने कहा कि मैं पूरे भारत के साथ-साथ पूरे विश्व को यह बताना चाहता हूं कि अगर किसी को जानना है कि मानवता, आध्यात्मिकता, साधना, वैदिक योगिक क्या होते हैं तो वह एक बार जरूर मायावती आश्रम आएं। यह आश्रम देश-विदेश के लोगों को आध्यात्म की ओर आकर्षित करता है। उन्होंने मायावती आश्रम में संचालित हो रहे धर्मार्थ चिकित्सालय की सेवाओं व सुविधाओं की सराहना की।
राज्यपाल ने धर्मार्थ चिकित्सालय के अध्यक्ष स्वामी शुद्धिदानंद से आश्रम के सम्बन्ध में जानकारी ली। स्वामी द्वारा राज्यपाल को मायावती आश्रम के इतिहास से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि 1901 में स्वामी विवेकानंद यहां आए थे, उन्होंने यहां पर एक सप्ताह तक प्रवास किया था।
स्वामी शुद्धिदानंद ने राज्यपाल को बताया कि समय-समय पर यहां निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाते हैं, जहां सैकड़ों मरीजों का उपचार व ऑपरेशन विदेशी चिकित्सकों की ओर से किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि लोहाघाट की गोद में बसा मायावती आश्रम एक रमणीक स्थान है। उन्होंने युवाओं को स्वामी विवेकानंद का अनुसरण करने की सलाह दी।
राज्यपाल ने कहा कि हम अद्वैत मायावती आश्रम में खड़े होकर 350 किलोमीटर दूर हिमालय दर्शन इसी स्थान पर खड़े रहकर कर सकते हैं। जिसमें हम नंदा देवी, केदारनाथ, बद्रीनाथ जी के पहाड़ों को भी देख सकते हैं।






