हरदोई में गंगा नदी खतरे के निशान से 25 सेमी नीचे व गर्रा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 31 सेंमी ऊपर पहुंचा

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस/ हरदोई: हरदोई।रविवार की सुबह हरिद्वार से गंगा में 1,21,609 क्यूसेक, नरौरा से 96,219 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना है। इसके अलावा नानकसागर डैम से गर्रा नदी में 1,574 क्यूसेक तथा ड्यूनी डैम, पीलीभीत से गर्रा में 12,988 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना दर्ज है।
नदियो में लगातार पानी छोड़े जाने से जनपद के राजघाट में गंगा नदी का जलस्तर 125.560 मीटर दर्ज किया गया। जबकि यहां खतरे का निशान 125.810 मीटर है। इस तरह गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 25 सेंटीमीटर नीचे है। वहीं चेतावनी बिंदु 125.310 मीटर होने के कारण जलस्तर चेतावनी बिंदु से 25 सेंटीमीटर ऊपर बना हुआ है।
सबसे अधिक चिंता गर्रा नदी को लेकर है। सांडी स्थित केंद्रीय जल आयोग (CWC) साइट पर गर्रा का जलस्तर 129.960 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 129.650 मीटर है। यानी गर्रा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 31 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। यहां चेतावनी बिंदु 129.150 मीटर है, जिसके मुकाबले जलस्तर 81 सेंटीमीटर अधिक है। हुल्लापुर में रामगंगा का जलस्तर 136.600 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 137.100 मीटर से 50 सेंटीमीटर नीचे तथा चेतावनी बिंदु 136.600 मीटर के ठीक बराबर है। सांडी में केंद्रीय जल योग साइट (CWC) पर गर्रा नदी खतरे के निशान को पार कर चुकी है, जिससे नदी किनारे के गांवो में बाढ़ को लेकर ग्रामीण चिंतित है।हालांकि प्रशासन इन क्षेत्रों में पूरी तरह निगरानी बनाये हुए लगातार जायजा ले रहा है।
फिलहाल राजघाट पर गंगा खतरे के निशान से नीचे है।जबकि सांडी में गर्रा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। ऐसे में नदी किनारे के गांवों में प्रशासन के निर्देश पर बाढ़ राहत चौकियों पर तैनात चौकी प्रभारी व कर्मचारी लगातार सक्रिय रहकर निगरानी और सतर्कता बनाये हुए हैं।




