उत्तर प्रदेशचित्रकूट

चित्रकूट के नया बाजार में जलभराव से मचा हाहाकार

रेलवे की नाली बंद और नगरपालिका की लापरवाही से व्यापारी परेशान

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट : नया बाजार क्षेत्र के व्यापारी और मोहल्ले वासी इन दिनों दोहरी मार झेल रहे हैं। रेलवे द्वारा ओवरब्रिज के नीचे की नली बंद कर दिए जाने और नगरपालिका की ओर से कोई वैकल्पिक इंतजाम न किए जाने के कारण पूरा मोहल्ला गंदे पानी से जलमग्न हो गया है। दुकानों और घरों में नाली का बदबूदार पानी घुस चुका है, जिससे लोगों का जीना दुश्वार हो गया है।

स्थानीय निवासियों — पी.डी. गुप्ता, गौरी सोनी, दुर्गा प्रसाद, शुभम गुप्ता, संदीप गुप्ता, भारत गुप्ता, बबली गुप्ता और संदीप आदि ने बताया कि कई दिनों से जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। बदबू, गंदगी और मच्छरों के प्रकोप ने महामारी जैसे हालात पैदा कर दिए हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा। खासकर दुकानदारों को अपने व्यापार में भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

नया बाजार ओवरब्रिज के नीचे का क्षेत्र पूरी तरह से पानी में डूबा हुआ है, जिससे आवाजाही भी बाधित हो गई है। स्थानीय प्रशासन की बदइंतजामी और उदासीनता के खिलाफ क्षेत्रवासियों में भारी रोष है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो वे प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button