उत्तराखंड

चीन सीमा से लगे गांवों में शुरू होगा ‘क्लीन द हिमालया’ अभियान, पर्यावरण संरक्षण पर जोर

जन एक्सप्रेस/ मुनस्यारी:  उच्च हिमालयी क्षेत्रों को स्वच्छ और पर्यावरणीय दृष्टि से सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से सोसायटी फॉर एक्शन इन हिमालया के बैनर तले 16 जून से ‘क्लीन द हिमालया’ अभियान शुरू किया जाएगा। यह अभियान चीन सीमा से लगे मल्ला जोहार क्षेत्र के नौ गांवों में दो दिनों तक चलाया जाएगा।

सोसायटी के अध्यक्ष जगत सिंह मर्तोलिया ने बताया कि अभियान का उद्देश्य स्थानीय समुदाय को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक करना और हिमालयी क्षेत्रों को कूड़ा मुक्त बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि “हिमालय बचेगा तभी दुनिया बचेगी” और इसके लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है।

जानकारी के अनुसार 16 जून को अभियान की शुरुआत बुर्फू गांव से होगी, जिसके बाद बिलजू, मिलम, मापा, गनघर और पाछू गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 17 जून को मर्तोली, रिलकोट और लास्पा गांवों में समुदाय के साथ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर संवाद किया जाएगा।

अभियान के तहत ग्रामीणों को यह बताया जाएगा कि दैनिक जीवन में बिना अतिरिक्त खर्च के कचरा प्रबंधन कैसे किया जा सकता है। इसके लिए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) से भी सहयोग मांगा गया है।

जगत सिंह मर्तोलिया ने कहा कि मिलम तक सड़क संपर्क बेहतर होने के बाद पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही बढ़ी है। यदि समय रहते ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था नहीं की गई तो उच्च हिमालयी क्षेत्र प्रदूषण और कूड़े की समस्या से प्रभावित हो सकता है।

मल्ला जोहार विकास समिति भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएगी। समिति के अध्यक्ष श्रीराम सिंह धर्मसक्तू ने कहा कि जलवायु परिवर्तन का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में हिमनदों, जल स्रोतों, वन्यजीवों और पेड़-पौधों का संरक्षण बेहद आवश्यक है।

अभियान का मुख्य उद्देश्य हिमालयी पर्यावरण की रक्षा करना और स्थानीय समुदाय को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button