उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

नेशनल हेराल्ड फैसले के बाद कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन भाजपा कार्यालय का घेराव पुलिस से तीखी नोंक-झोंक

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: नेशनल हेराल्ड और यंग इंडिया मामले में न्यायालय के फैसले के बाद जिले में सियासी पारा चढ़ गया। उत्साही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कमेटी जौनपुर के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह और शहर अध्यक्ष आरिफ खान के नेतृत्व में कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से जुलूस निकालकर भाजपा कार्यालय का जोरदार घेराव किया।

कांग्रेस कार्यकर्ता “सत्यमेव जयते” और “भाजपा के झूठ का पर्दाफाश” जैसे नारे लगाते हुए आगे बढ़े। भाजपा कार्यालय के बाहर पहले से तैनात पुलिस बल से कांग्रेसियों की जमकर नोंक-झोंक हुई। पुलिस द्वारा रोकने के प्रयास के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय का घेराव करने में सफल रहे, जिसके चलते भाजपाइयों को कार्यालय का गेट अंदर से बंद करना पड़ा।

भाजपा कार्यालय के सामने सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि न्यायालय के फैसले ने भाजपा के झूठ को बेनकाब कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने ईडी का दुरुपयोग कर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, श्रीमती सोनिया गांधी और कांग्रेस को बदनाम करने का प्रयास किया। अब अदालत के फैसले से सच्चाई सामने आ गई है।

डॉ. सिंह ने कहा कि सत्ता में बने रहने के लिए भाजपा झूठ, नफरत और सांप्रदायिकता फैलाने का काम कर रही है। वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं का भाजपाईकरण हो चुका है और बदले की भावना से विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। न्यायालय द्वारा ईडी के आरोप पत्र को खारिज किया जाना सत्य की जीत है।

घेराव के दौरान कांग्रेसियों ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर प्रदेश सचिव पंकज सोनकर, देवराज पांडेय, विनय तिवारी, शेरबहादुर सिंह, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रेखा सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सभासद मौजूद रहे।

कांग्रेस के इस प्रदर्शन से शहर का राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button