
जन एक्सप्रेस/गुजरात: गुजरात के बनासकांठा के डीसा के धुनवा रोड स्थित एक पटाखा फैक्ट्री और गोदाम में भीषण आग लग गई. जिससे फैक्ट्री में काम करने वाले 17 मजदूरों की जलकर मौत हो गई. वहीं, आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर अग्निशमन कर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए और आग पर काबू पाया. फिलहाल अभी मलबे को हटाने का काम जारी है.
बनासकांठा में डीसा कस्बा है. मंगलवार सुबह नौ बजे यहां पटाखा फैक्ट्री से धमाके की आवाजें सुनाई देने लगीं. आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो पटाखा फैक्ट्री से आग की लपटें उठ रही थीं. तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड के साथ एसडीआरएफ की टीम को दी गई.
फैक्ट्री मालिक हादसे के बाद से फरार
जिस फैक्ट्री में हादसा हुआ है, उसका नाम दीपक ट्रेडर्स है. यहां पटाखे बनाए जाते थे. हादसे के बाद फैक्ट्री का मालिक फरार हो गया है. मौके पर डीएम माहिर पटेल मौके भी पहुंचे हैं. ये पता लगाया जा रहा है कि इस फैक्ट्री को पटाखा बनाने का लाइसेंस मिला था या नहीं. इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं.
फैक्ट्री से मलबा हटाया जा रहा
डीसा की उपमंडल मजिस्ट्रेट नेहा पांचाल ने बताया कि पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया, जिससे वहां बने गोडाउन का कुछ हिस्सा ढह गया. मलबे में कई मजदूर दब गए. घटनास्थल से मलबा हटाया जा रहा है. डीसा नगरपालिका ने सूचना पर दमकलकर्मियों को मौके पर भेजा था. फैक्ट्री के अंदर लगी आग को बुझाया जा रहा है.





