उत्तराखंड

कांग्रेस ने भाजपा नेताओं व मंत्रियों की शुद्धि-बुद्धि के लिए किया हनुमान चालीसा का पाठ

ऋषिकेश । कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के निर्देश पर ऋषिकेश महानगर कांग्रेस के नेतृत्व में त्रिवेणी घाट पर भाजपा सरकार के नेताओं मंत्रियों के कारनामों को लेकर सरकार की शुद्धि- बुद्धि के लिए हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।

शुक्रवार को पूर्व नगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत व पूर्व सभासद रवि जैन ने बताया कि भाजपा सरकार की केंद्रीय व राज्य सरकारें केवल जनता को गुमराह करने, मंत्री की सरेराह गुंडई, महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोज़गारी को बढ़ावा देने, ग़रीब, मज़दूर, किसानों, महिलाओं का उत्पीड़न करने तथा लोगों की भावनाएं भड़काकर देश का साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने के अतिरिक्त कोई कार्य नहीं किया हैं। उसी को लेकर हम कांग्रेसजन हनुमानजी से सरकार की बुद्धि की शुद्धि की कामना करते हैं ।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सतीश शर्मा व पार्षद भगवान सिंह पंवार ने बताया कि उत्तरखण्ड अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा की संलिप्ता तथा सत्ता के बल पर वीआईपी का नाम उजागर न होने देने की घटना हों या हेमा नेगी हत्याकांड हो, पिंकी हत्याकांड हो, जगदीश हत्याकांड हो, विजय वात्सल्य हत्याकाण्ड, केदार भंडारी या विपिन रावत हत्याकाण्ड सभी में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अपराधियों को संरक्षण देने का काम किया है, जोकि शर्मनाक है ।

व्यापार मंडल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा व महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष नीलम तिवारी ने कहा कि भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर महिला कुश्ती खिलाड़ियों के शारीरिक शोषण के आरोपों की जांच को लेकर और दुनिया में देश का नाम रोशन करने वाले बजरंग पुनिया जैसे खिलाड़ी दिल्ली के जंतर-मंतर में पिछले एक माह से लगातार आंदोलन कर रहे हैं। भाजपा की केंद्र सरकार उनकी बात सुनने को तैयार नहीं हैं। मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल के सरेराह लोगों को पीटने की घटना ने उत्तराखण्ड सहित भारत का नाम ख़राब करने का काम करने वाले इन नेताओं को भाजपा सरकारें सरंक्षण देने का काम कर रही है ।

पार्षद राधा रमोला व युवा कांग्रेस अध्यक्ष गौरव राणा ने कहा कि उत्तराखण्ड में लोक सेवा आयोग, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, सहकारिता विभाग, विधानसभा बैकडोर भर्ती सहित राज्य में हुए लगभग सभी भर्ती घोटालों में भाजपा नेताओ का संलिप्तता उजागर हुई है तथा राज्य सरकार द्वारा दोषियों को लगातार संरक्षण दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button